छिंदवाड़ा जिले के विकासखंड हर्रई के ग्राम जामुनपानी के समीप स्थित सघन वन क्षेत्र में एक विशालकाय रॉक शेल्टर स्थित है। ग्राम जामुनपानी से लगभग डेढ़ किलोमीटर सघन वन क्षेत्र में यह विशालकाय चट्टान स्थित है। इसे पुतरीखोह के नाम से जाना जाता है।
यह विशालकाय राक शेल्टर आज से लगभग 12000 वर्ष पूर्व आदिमानव का निवास स्थल रहा है। उक्त समय में आदिमानवों द्वारा प्राकृतिक रंगों से इस चट्टान पर, जो चित्र उकेरे गए, वे भित्ति चित्र के रूप में आज भी विद्यमान हैं।
हालांकि इनके रंग अब सफेद हो गये हैंं, परंतु यदि इन भित्ति चित्रों में पानी छिड़का जाता है, तो वह लाल गेरुआ रंग के हो जाते हैं। राक शेल्टर को गांवों में ग्रामीण भाषाओं में गुफा या खोह भी कहा जाता है। चूंकि यहां चित्र या पेटिंग्स बनी हुई है, इसलिए इसे पुतरीखोह के रूप में पुकारा जाता है।
हर्रई क्षेत्र में यह स्थान पुतरीखोह के नाम से प्रसिद्ध है। क्षेत्रीय ग्रामीण आदिवासियों द्वारा यहां राक शेल्टर के नीचे एक चबूतरा बनाकर देव की स्थापना कर पूजा की जाती है। आसपास क्षेत्र में कुछ त्रिशूल भी गड़े हैं। यहां स्थित एक चबूतरे पर खंडवा के दादाजी धूनीवाले स्वामी केशवानंद जी महाराज की फोटो भी स्थापित है।
सुरक्षा के अभाव में यहां घूमने आने वाले कतिपय जिज्ञासु लोगों द्वारा राक पेंटिंग (भित्ति चित्र) से छेड़छाड़ करने के फल स्वरुप अब यह भित्ति चित्र लगभग समाप्त होते जा रहे हैं। इनकी सुरक्षा की जाना आवश्यक है। अन्यथा भविष्य में किवदंती में बताये जाने कथा ही शेष रहेगी। राक शेल्टर, छिंदवाड़ा जिले का एक अति प्राचीन छिंदवाड़ा की पुरातत्वीय धरोहर स्थल है।
यह भी पढ़ें-
कैसे पहुंचे -
जिला छिंदवाड़ा से छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर सड़क मार्ग से होते हुए जाने पर विकासखंड मुख्यालय हर्रई आता है यहां से आगे, ग्राम परतापुर स्थित है। छिंदवाड़ा से परतापुर की दूरी 94 किलोमीटर है। छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर सड़क मार्ग पर ग्राम परतापुर से दाहिनी ओर लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर, ग्राम जामुनपानी स्थित है।
ग्राम जामुनपानी, ग्राम पंचायत छिंदा के अंतर्गत एक ग्राम है। ग्राम परतापुर से लगभग 7 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम छिंदा स्थित है। ग्राम छिंदा से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर ग्राम गढ़ागढ़ स्थित है।
ग्राम गढ़ागढ़ से लगभग 3-4 किलोमीटर की दूरी पर, ग्राम जामुनपानी स्थित है। जामुनपानी से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर सघन वन क्षेत्र में पुतरी खोह नामक विशालकाय चट्टान स्थित है।
इसी चट्टान पर राक पेंटिंग्स, पुतरी खोह, हर्रई, जिला छिंदवाड़ा मध्यप्रदेश | Rock Paintings, PutriKho, Harrai, Chhindwara, Madhya Pradesh बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें-
0 टिप्पणियाँ